प. बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक और कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। मृतक का नाम हरलाल देवनाथ है। वह नदिया जिले के राणाघाट एक नंबर ब्लॉक अंतर्गत हबीबपुर गांव का रहने वाले था। वह 32 नंबर जेडीपी अंतर्गत हबीबपुर ग्राम पंचायत के 21 नंबर बूथ पर भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता था। अधेड़ उम्र के देवनाथ को शुक्रवार रात गोली मारी गई थी। खून से लथपथ हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया है। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सांगठनिक महासचिव सुब्रत चटर्जी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने इसे लेकर एक ट्वीट भी किया। अपने ट्वीट में सुब्रत चटर्जी ने लिखा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की रक्षा करने के सिलसिले में भाजपा के एक और कार्यकर्ता को बलिदान होना पड़ा है। देवनाथ की तृणमूल कांग्रेस के अपराधियों ने गोली मारकर हत्या की है। हालांकि अभी तक इस मामले में तृणमूल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि विगत एक सप्ताह के अंदर राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी के नौ कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारा गया है। इनमें से तीन कार्यकर्ताओं की हत्या अकेले नदिया जिले में हुई है। दो दिन पहले ही सुप्रियो बनर्जी नाम के एक पुजारी का शव जिले में बरामद किया गया था, जो भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। अब हरलाल देवनाथ की गोली मारकर हत्या ने राज्य में एक बार फिर प्रशासन की निष्क्रियता की कलई खोल दी है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा और बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेता आगामी 15 अक्टूबर को दिल्ली जाकर यह मुलाकात करने वाले हैं, जहां राज्य की बदहाल स्थिति की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। गौरव के मुर्शिदाबाद में बंधु गोपाल पाल और उनके पूरे परिवार के नरसंहार तथा एक के बाद एक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या को लेकर पार्टी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।

This post has already been read 9576 times!

Sharing this

Related posts