रांची। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि मछली उत्पादन के क्षेत्र में झारखंड अब आत्मनिर्भर हो गया है। यह सब रघुवर सरकार के प्रयासों की वजह से ही संभव हो पाया है। शनिवार को दीपक प्रकाश ने कहा कि पांच वर्ष पहले तक झारखंड में आंध्र प्रदेश और दूसरे राज्यों से मछली मंगाई जाती थी। 2011-12 में राज्य में 70000 एमटी मछली का उत्पादन होता था जो 2016-17 में बढ़कर 2.25 लाख एमटी हो गई है। प्रकाश ने कहा कि सरकार का लक्ष्य नीली क्रांति को और आगे ले जाने का है। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक प्रखंड में एक मत्स्य पालन सहायता केंद्र स्थापित करने की योजना है। यह केंद्र वन स्टॉप सेंटर के रूप में कार्य करेंगे और मत्स्य पालन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति या एसएस जी को तकनीकी सहायता, आधारभूत सुविधा और अनुदानित आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना में लाभकारी केन फार्मिंग तकनीक का विस्तार करना भी है। इससे कमर्शियल मत्स्य पालन का विकास हो सकेगा। इसके अलावा सरकार मत्स्य पालन के लिए 50 उत्पादक समूह बनाने की भी योजना पर काम करेगी। इससे राज्य में मछली उत्पादन में और वृद्धि होगी साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
This post has already been read 6285 times!