विनोबा भावे विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह

हजारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय में सोमवार को 8वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव ने किया। इसके पूर्व भव्य शिक्षा यात्रा में भी राज्यपाल एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पीएचडी धारकों एवं गोल्ड मेडल पाने वाले छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की। इस दौरान विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उपाधि पाने वालों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। उन्होंने छात्रों से आगे बढ़ते रहने की बात भी कही। राज्यपाल ने यह भी कहा कि अब राज्य सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के कारण न केवल छात्रों को शिक्षा मिल रही है बल्कि उन्हें नियुक्ति प्राप्त हो रही है। यह व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के संचालन के कारण है।

इधर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का समारोह नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन का समारोह है। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि वे आने वाले समय में बेहतर कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान 6 हजार से अधिक लोगों को उपाधि दी गई है। कार्यक्रम में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमेश शरण, प्रतिकुलपति डा कुनूल कंडीर, कुल सचिव डा वंशीधर रुखैयार, परीक्षा नियंत्रक डा बिरेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

This post has already been read 8323 times!

Sharing this

Related posts