ओडिया बोलने वाले व्यक्ति को दें राज्य की सत्ता: शाह

भुवनेश्वर। नया तथा समृद्ध ओडिशा का गठन करने के लिए ओडिया बोलने वाले व्यक्ति को राज्य की सत्ता देनी चाहिए। इसके लिए भाजपा को सत्ता में लाना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दोबारा देश के प्रधानमंत्री बनाने तक पार्टी कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। शाह मंगलवार को कटक जिले के कुलिया में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ओडिशा के चार लोकसभा क्षेत्रों के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय तक ओडिशा के लोगों ने कांग्रेस और बीजद को राज्य में सत्ता दी। इसके बावजूद दोनों पार्टियों ने ओडिशा का विकास नहीं किया। उन्होंने कहा कि एक बार भाजपा को पांच साल देकर देखें। ओडिशा नबंर वन बन जाएगा। शाह ने कहा कि कांग्रेस और बीजद एक सिक्के के दो पहलू हैं। ये दोनों ही भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए आपस में सहयोग देते हैं। दोनों के बीच सांठगांठ हैं। राज्य सरकार दलित, आदिवासियों की विरोधी सरकार है। ये सरकार विकास विरोधी सरकार है। पटनायक सरकार नहीं चाहती कि राज्य का विकास हो। इसलिए केन्द्र सरकार की योजनाओं को पटनायक सरकार लागू नहीं कर रही है, क्योंकि उसे भय है कि यदि ये परियोजनाएं लागू होती हैं तो मोदी सरकार की लोकप्रियता बढ़ जाएगी। भाजपा अध्यक्ष शाह ने सवाल किया कि राज्य के लोगों को केन्द्र सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘आयुष्मान योजना’ का लाभ ओडिशा के लोगों को क्यों नहीं मिल पा रहा है? उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने केन्द्र की सत्ता संभालने के बाद ओडिशा को काफी सहायता प्रदान की है। कांग्रेस के शासनकाल में ओडिशा को 79 हजार करोड़ रुपये की केन्द्रीय सहायता पांच वर्षों में मिल पायी थी। मोदी सरकार में अब तक दो लाख 11 हजार करोड़ से अधिक राशि प्रदान की गई है। कांग्रेस के 55 वर्ष के शासन में गरीबों को स्वच्छ ईंधन प्रदान करने में नाकाम रही लेकिन मोदी सरकार ने गरीब महिलाओं को स्वच्छ ईंधन देने का कार्य किया।

This post has already been read 14851 times!

Sharing this

Related posts