भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास को ढहाने के मामले पर बोला हमला, उठाए सवाल

रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने प्रदेश की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार दिल्ली की पूर्व सरकार से बहुत ज्यादा प्रेरित रहती है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबंध भी अति मधुर रहे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली में अपने लिए शीश महल बनाना शुरू किया था। अब सूचनाओं आ रही हैं कि झारखंड में भी मुख्यमंत्री सोरेन इसी का अनुसरण करने जा रहे हैं। आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास जिसमें पिछले ढाई दशकों में अनेक मुख्यमंत्री ने निवास किया, उसको भवन निर्माण प्रमंडल-1 ने टेंडर निकालकर जमींदोज कर दिया है। पूरे तरीके से भवन को ढहाने का काम जारी है। यह ऐतिहासिक धरोहर है क्योंकि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री से लेकर अनेक मुख्यमंत्री ने यहां निवास किया था।
प्रतुल शाह देव ने मंगलवार को दावा करते हुए कहा कि अब विभाग की लगातार उच्च स्तरीय बैठकें हो रही हैं ताकि नए भवन का डीपीआर बन सके। जो जानकारियां मिल रही है उसके अनुसार दिल्ली के शीश महल की तर्ज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए एक सभी आधुनिक सुख सुविधा से लैस शीश महल बनाने पर चर्चा चल रही है। प्रतुल ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के परिसर में स्थित हनुमान मंदिर के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हनुमान मंदिर की भव्यता पर जरा भी आंच नहीं आनी चाहिए। सरकार को यह बात सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रतुल ने कहा कि जिस प्रदेश में डेढ़ वर्षों में एक भी अबुआ आवास का गृह प्रवेश नहीं हुआ। जहां आज भी बड़ी संख्या में लोगों के सर पर छत नहीं है। ऐसे राज्य में इस तरह की अगर फिजूल खर्ची करने की सोची जा रही है तो यह प्रदेश के आदिवासी मूल निवासी जनता के साथ क्रूर मजाक होगा। प्रतुल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सत्ताधारी गठबंधन से मांग की कि वो रांची में बनने वाले शीश महल को लेकर स्थिति स्पष्ट करें।

This post has already been read 277 times!

Sharing this

Related posts