प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की स्मृति में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की

रांची। प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की स्मृति में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कु. बलमुचू, विधायक सोना राम सिंकू, निशात आलम, सुरेश बैठा, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि सर्वधर्म प्रार्थना सभा की शुरुआत स्व मनमनोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सिख समुदाय के जरिये गुरूवाणी का पाठ कर अरदास किया गया और बजरंग बली मंदिर से आये ब्राह्मणों ने स्वाति वाचन तथा मदीना मजिस्द के इमाम साहब ने मुल्क तेलावते कुर्रान के साथ दुआ किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह सादगी, सरलता, साम्यता के प्रतीक थे, जिन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया था। उनके कार्यकाल में कई कल्याणकारी कार्य हुए।
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने देश का नेतृत्व शांति, दृढ़ संकल्प और असाधारण बुद्धिमत्ता के साथ किया। उनका कार्यकाल निरंतर आर्थिक वृद्धि, वैश्विक पहचान और सामाजिक प्रगति से चिह्नित था। उन्होंने 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान भारत को इस संकट से बचाने के लिए रणनीतिक उपाय किए।
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि डॉ. सिंह की समावेशी विकास, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और आर्थिक आधुनिकीकरण के प्रति प्रतिबद्धता ने भारत की वैश्विक स्थिति को मजबूत किया, जबकि साथ ही साथ सामान्य नागरिकों की भलाई पर भी ध्यान केंद्रित किया। उनका दृष्टिकोण और कार्यकाल एक ऐसे सहानुभूतिशील, सुधारक नेता के रूप में इतिहास में अंकित रहेगा, जिन्होंने स्थिरता और विकास को प्राथमिकता दी।

This post has already been read 35 times!

Sharing this

Related posts